राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के टामटिया गांव में पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया
राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के टामटिया गांव में पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया, पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया, जहां दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक युवक की जान चली गई। घटना मोटा गांव थाना क्षेत्र की है, जहां शनिवार रात करीब 8 बजे मामूली कहासुनी ने गंभीर टकराव का रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, युवक किसी पुराने विवाद को सुलझाने के लिए आरोपी पक्ष के घर पहुंचा था, लेकिन बातचीत के दौरान स्थिति बिगड़ गई और हमला कर दिया गया। आरोप है कि कुल्हाड़ी से किए गए वार में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या की खबर फैलते ही गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। मृतक के परिजनों और समर्थकों में आक्रोश भड़क उठा, जिसके बाद उन्होंने आरोपी पक्ष के घरों और बाड़ों में तोड़फोड़ करते हुए आगजनी कर दी। देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति इतनी गंभीर थी कि पुलिस पर भी पथराव किया गया। पुलिसकर्मियों को घेरने की कोशिश की गई, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए। इसके बाद जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सुधीर जोशी और कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र में शांति बनाए रखी जा सके।
