भोपाल के अन्ना नगर गार्बेज स्टेशन में भीषण आग, 8 घंटे बाद भी काबू नहीं
भोपाल के अन्ना नगर गार्बेज स्टेशन में भीषण आग, मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के अन्ना नगर स्थित गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई, जिस पर घंटों बाद भी काबू नहीं पाया जा सका। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 8 घंटे बीतने के बाद भी फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार मशक्कत में जुटी रहीं।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद शहर के सभी प्रमुख फायर स्टेशनों से दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। गोविंदपुरा, फतेहगढ़, बैरागढ़, कोलार और गांधीनगर सहित कुल 11 फायर स्टेशनों की टीमें आग बुझाने में लगी रहीं। अब तक 50 से अधिक दमकल-टैंकरों के जरिए पानी डाला जा चुका है, लेकिन आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी है।
इस घटना में गार्बेज स्टेशन पर रखा लगभग 25 टन कचरा जलकर राख हो गया है। वहीं, मौके पर बड़ी मात्रा में रिसाइक्लिंग के लिए रखे गए कपड़ों का ढेर भी मौजूद था, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई। बताया जा रहा है कि रिसाइक्लिंग यूनिट में सबसे पहले आग लगी, जो पिछले करीब एक महीने से बंद पड़ी थी।
गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन मुख्य सड़क से बेहद करीब स्थित है, जिससे आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सड़क किनारे रहने वाले लोगों ने पूरी रात जागकर गुजारी। आग और धुएं के कारण क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति पर नजर बनाए रखी। हालात को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन का कहना है कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही जांच की जाएगी।
