स्वास्थ्य विभाग में घोटाले के आरोपों पर बाबूलाल मरांडी का हमला, CBI जांच की मांग

0
comp-54_1779798702

स्वास्थ्य विभाग में घोटाले के आरोपों पर बाबूलाल मरांडी का हमला, झारखंड में स्वास्थ्य विभाग में कथित घोटालों को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दवा बर्बादी, एंबुलेंस खरीद में कथित अनियमितताओं और नियमों के विपरीत कंसलटेंट सेवा विस्तार जैसे मामलों को गंभीर बताते हुए पूरे प्रकरण की CBI जांच की मांग की है।

मरांडी ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग में बनाए गए कॉरपोरेशन का उपयोग लूट और टेंडर मैनेजमेंट के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के बजाय उसे बढ़ावा दे रही है।

उन्होंने दावा किया कि पिछले छह वर्षों में राज्य की स्थिति खराब हुई है। कानून-व्यवस्था कमजोर पड़ी है और विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। मरांडी ने कहा कि उन्हें राज्यभर से रोज भ्रष्टाचार की शिकायतें मिलती हैं, लेकिन सरकार इन मामलों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब “भ्रष्टाचार शिष्टाचार बन गया है” और दोषी अधिकारियों के पदों पर बने रहने से व्यवस्था में सुधार संभव नहीं है।

नेता प्रतिपक्ष ने JMHIDPCL में कंसलटेंट नियुक्ति को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि एक सेवानिवृत्त अधिकारी को तीन साल से अधिक सेवा विस्तार देने के लिए मुख्यमंत्री की मंजूरी जरूरी होती है, लेकिन बिना स्वीकृति के चौथे और पांचवें वर्ष तक नियुक्ति जारी रखी गई।

इसके अलावा उन्होंने 55 करोड़ रुपए की लागत से खरीदी गई 206 एंबुलेंस का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ये एंबुलेंस करीब एक साल तक निष्क्रिय रहीं, जबकि अब 80 करोड़ रुपए की नई निविदा जारी की गई है। उन्होंने गोदामों में करोड़ों की दवाओं के एक्सपायर होने और ऑक्सीजन टैंक परियोजना में कथित अनियमितताओं का भी आरोप लगाया।

मरांडी ने कहा कि ऑडिट में सामने आई गड़बड़ियां बेहद गंभीर हैं, लेकिन सरकार इन्हें छिपाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने JMHIDPCL का दोबारा ऑडिट कराने, रिपोर्ट सार्वजनिक करने और CAG रिपोर्ट के आधार पर तत्काल FIR दर्ज करने की मांग की।

उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच CBI से कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया कि नियुक्तियों में सत्ता का दुरुपयोग हुआ है और इसमें उच्च स्तर तक मिलीभगत हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *