लखनऊ के मलहा गांव में भीषण आग, कई घर जले — युवक झुलसा, पशुधन का भारी नुकसान

0
gifmagicsite-2026-04-21t164113908_1776771299

लखनऊ के मलहा गांव में भीषण आग, लखनऊ के दुबग्गा क्षेत्र स्थित मलहा गांव में मंगलवार को जंगल में लगी आग ने अचानक विकराल रूप ले लिया। तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैलती हुई गांव तक पहुंच गई, जिससे कई मकान इसकी चपेट में आ गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आग इतनी तेजी से फैली कि ग्रामीणों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। लपटें गांव के किनारे से होते हुए घरों तक पहुंच गईं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। कई परिवारों ने जल्दबाजी में अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

ग्रामीणों ने बाल्टी और पाइप की मदद से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के सामने उनके प्रयास नाकाम साबित हुए। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पशुधन का नुकसान, युवक घायल

इस हादसे में चंदर रावत की 15 बकरियां जलकर मर गईं, जबकि महादेव, महावीर और मुनेश्वर की एक-एक भैंस आग की भेंट चढ़ गई। आग बुझाने की कोशिश के दौरान महावीर का 22 वर्षीय बेटा मोहित झुलस गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

दुकान जलकर राख, लाखों का नुकसान

आग की चपेट में आकर राम विलास की पान-मसाले की गुमटी भी जल गई, जिसमें रखा करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान राख हो गया।

फायर ब्रिगेड की देरी पर सवाल

ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल की गाड़ियां करीब एक घंटे की देरी से पहुंचीं, जिससे आग और ज्यादा फैल गई और नुकसान बढ़ गया। फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *