दिल्ली के रोहिणी में 4 मंजिला इमारत में भीषण आग, 23 लोगों को सुरक्षित निकाला

0
ezgifcom-resize-2026-05-26t155837758_1779791384

दिल्ली के रोहिणी में 4 मंजिला इमारत में भीषण आग, दिल्ली के रोहिणी इलाके के विजय विहार फेज-2 में मंगलवार सुबह एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया और इमारत में फंसे लोगों को बचाने के लिए पुलिस, रेस्क्यू टीम, डीडीएमए और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायरकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद 23 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि हादसे में 2 लोग घायल हो गए।

फायर विभाग के अनुसार, सुबह करीब 7:06 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मौके पर दो वाटर टेंडर और एक ब्रीदिंग फायर टेंडर (BFT) भेजा गया। राहत और बचाव कार्य का नेतृत्व स्टेशन ऑफिसर विशाल ने किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 7:35 बजे आग पर काबू पा लिया गया

शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी में बताया गया था कि आग घरेलू सामान में लगी थी, लेकिन बाद में सामने आया कि आग इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लगे TPDDL के 18 बिजली मीटरों में लगी थी। देखते ही देखते आग ने पास खड़े वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 3 स्कूटी, 2 बाइक और एक साइकिल समेत कुल 6 वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए

फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। कुल 23 लोगों का रेस्क्यू किया गया, जिनमें 22 लोगों को फायर टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि एक व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही बचा लिया था

हादसे में घायल हुए दो लोगों को इलाज के लिए जयपुर गोल्डन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *