जैसलमेर के मोहनगढ़ में बुजुर्ग दंपती की रहस्यमयी मौत, चांदी के कड़े गायब
जैसलमेर के मोहनगढ़ में बुजुर्ग दंपती की रहस्यमयी मौत, चांदी के कड़े गायब, जैसलमेर। जिला मुख्यालय से करीब 65 किलोमीटर दूर मोहनगढ़ इलाके की भील बस्ती में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां शनिवार सुबह घर में सो रहे बुजुर्ग दंपती की लाश मिली है। मृतकों की पहचान लाखाराम (90 वर्ष) पुत्र पहलादराम और उनकी पत्नी रेशमा (85 वर्ष) के रूप में हुई है।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे सबसे पहले भांजे चंदाराम ने शव देखा। चंदाराम उनसे मिलने पहुंचा था, लेकिन जब उसने देखा कि लाखाराम का शव आंगन में और रेशमा का शव कमरे में पड़ा है, तो उसके होश उड़ गए। उसने फौरन गांव वालों को बुलाया।
प्राथमिक जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि रेशमा के पैरों के चांदी के कड़े गायब हैं। इसके आधार पर पुलिस को आशंका है कि लूट के इरादे से ही पति-पत्नी की हत्या की गई होगी। घर के आस-पास कुछ पैरों के निशान भी मिले हैं जो संदिग्ध हो सकते हैं।
मोहनगढ़ थाना प्रभारी बाबूराम डेलू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया कि दोनों के शव उनके घर में ही मिले हैं और प्रथम दृष्टया बॉडी पर कहीं भी चोटों के निशान नहीं मिले हैं। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम के बाद ही चल पाएगा।
थाना प्रभारी बाबूराम डेलू ने बताया कि एफएसएल टीम को बुलाया गया है और शवों को मोहनगढ़ ले जाया गया है, जहां इनका पोस्टमॉर्टम होगा। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
गौरतलब है कि दोनों बुजुर्ग दंपती के कोई संतान नहीं है और वे घर में अकेले ही रहते थे। यह घटना पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर गई है। पुलिस मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है।
