जालोर के नशा मुक्ति केंद्र में हंगामा, कर्मचारियों पर हमला कर 21 मरीज फरार
जालोर के नशा मुक्ति केंद्र में हंगामा, राजस्थान के जालोर जिले में बुधवार सुबह एक नशा मुक्ति केंद्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भर्ती मरीजों ने कर्मचारियों पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना में एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे कर्मचारी के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद 21 मरीज केंद्र से भाग निकले। सभी मरीजों को नशे की लत छुड़ाने के लिए केंद्र में भर्ती कराया गया था।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के भीनमाल रोड स्थित मां करणी कृपा सेवा फाउंडेशन द्वारा संचालित नशा मुक्ति केंद्र में बुधवार सुबह करीब 7 बजे हुई। बताया जा रहा है कि सुबह आरती और प्रार्थना सभा के लिए मरीजों को बाहर लाया जा रहा था, तभी कुछ मरीजों ने कथित रूप से योजना बनाकर कर्मचारियों पर हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मरीजों ने केंद्र में कार्यरत कर्मचारी विनोद कुमार, निवासी जोधपुर, पर लोहे के पाइप से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और हाथ-पैरों पर भी वार किए गए। इस दौरान दूसरे कर्मचारी चुनसिंह भाटी, निवासी जोधपुर, के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि मरीजों ने चुनसिंह से मुख्य गेट की चाबी छीनी और ताला खोलकर केंद्र से बाहर निकल गए।
घटना के दौरान मरीजों ने केंद्र की बिजली का मेन स्विच भी बंद कर दिया, जिससे परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद हो गए। इससे पूरी घटना की रिकॉर्डिंग नहीं हो सकी।
हमले में घायल कर्मचारी विनोद कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर में टांके लगाए गए हैं। बताया गया है कि उनके पैर में भी दो जगह फ्रैक्चर हुआ है। वहीं, दूसरे कर्मचारी चुनसिंह को भी चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अब फरार हुए मरीजों की तलाश में जुटी है।
कोतवाली थाने के हेड कॉन्स्टेबल मोहनलाल ने बताया कि नशा मुक्ति केंद्र के संचालक स्वरूप सिंह चारण की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फरार मरीजों को तलाशने के प्रयास किए जा रहे हैं।
