जमीन अधिग्रहण के विरोध में किसानों का महापड़ाव, कलेक्ट्रेट पर हजारों पहुंचे

0
1111111111111111111111111_1779098889

जमीन अधिग्रहण के विरोध में किसानों का महापड़ाव, राजस्थान के सीकर जिले में प्रस्तावित एयरपोर्ट, सीमेंट प्लांट, रेलवे लाइन और अंडरपास परियोजनाओं के विरोध में किसानों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर महापड़ाव शुरू कर दिया। तारपुरा और दादिया क्षेत्र के हजारों किसान अपनी कृषि भूमि बचाने की मांग को लेकर ट्रैक्टर, बसों और वाहनों के काफिले के साथ सीकर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, तारपुरा एयरपोर्ट, नवलगढ़-बेरी-बसावा सीमेंट प्लांट, रेलवे लाइन और जेरठी-दादिया अंडरपास परियोजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण की तैयारी चल रही है। इसे लेकर दादिया और तारपुरा गांव के किसानों में भारी नाराजगी है। किसानों का आरोप है कि प्रशासन करीब 4 हजार बीघा उपजाऊ कृषि भूमि अधिग्रहित करने की योजना बना रहा है, जिससे उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो जाएगा।

सोमवार को सुबह करीब 9:30 बजे किसान अपने-अपने गांवों से बड़ी संख्या में रवाना हुए। इस दौरान काफिले में 34 बसें, 80 ट्रैक्टर, 100 से अधिक चार पहिया वाहन और करीब 100 बाइक शामिल रहीं। किसान दोपहर करीब 12 बजे सीकर हाईवे पहुंचे और वहां से पैदल मार्च करते हुए करीब 1:30 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे।

कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद किसानों ने करीब आधे घंटे तक नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि पहले रेलवे लाइन और अब एयरपोर्ट के नाम पर लगातार उनकी जमीनें ली जा रही हैं। यदि अधिग्रहण जारी रहा, तो उनके पास खेती और परिवार चलाने के लिए जमीन नहीं बचेगी।

इसके बाद किसानों ने एडीएम डॉ. रतन कुमार स्वामी को ज्ञापन सौंपते हुए परियोजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण रोकने और किसानों के हितों की रक्षा करने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *