गाजियाबाद की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, 12 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

0
gifmagicsite-2026-05-20t164202027_1779275462

गाजियाबाद की केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग, 12 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू, गाजियाबाद के बुलंदशहर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में बुधवार शाम भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि उससे उठता काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। घटना के समय फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।

फायर विभाग के अनुसार, शाम करीब 4:02 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही घंटाघर कोतवाली क्षेत्र से दमकल की गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए वैशाली, मोदीनगर और नोएडा से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड बुलाई गई। कुल 12 दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए वाटर ब्राउजर और फोम टैंकर का भी इस्तेमाल किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल फैक्ट्री परिसर में कूलिंग का काम जारी है, ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय फैक्ट्री में करीब 11 कर्मचारी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि एक ड्रम से दूसरे ड्रम में केमिकल ट्रांसफर किया जा रहा था, तभी अचानक आग लग गई। हालांकि, आग लगने की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के दौरान केमिकल से भरे ड्रम तेज धमाकों के साथ फटने लगे, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई दी और फ्लाईओवर से गुजर रहे कई लोगों ने घटना के वीडियो भी रिकॉर्ड किए।

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। सभी कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रशासन और फायर विभाग अब आग लगने के कारणों और सुरक्षा मानकों की जांच में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *