

अंतर्राष्ट्रीय यूथ कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में नूंह जिले के जहटाना गांव के खिलाड़ी शाह हुसैन ने 88 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत और हरियाणा का नाम रोशन किया। अहमदाबाद (गुजरात) में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 40 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया था। शाह हुसैन ने कुल 267 किलोग्राम भार उठाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
उनकी इस उपलब्धि पर उपायुक्त अखिल पिलानी और अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप सिंह मलिक ने अपने कार्यालय में उनका सम्मान किया। इस अवसर पर शाह हुसैन को ‘खेलो मेवात’ कार्यक्रम का ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त करने का पत्र भी सौंपा गया।
डीसी अखिल पिलानी ने कहा कि शाह हुसैन ने न केवल देश और प्रदेश बल्कि अपने गांव और पूरे जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमकाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी शाह हुसैन अपनी प्रतिभा से देश को गौरवान्वित करते रहेंगे। उन्होंने शाह हुसैन के कोच आबिद हुसैन, परिवार और गांववासियों को भी इस सफलता पर बधाई दी।
जिला प्रशासन का मानना है कि शाह हुसैन जैसे खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। ‘खेलो मेवात’ कार्यक्रम की शुरुआत इसी उद्देश्य से हुई थी कि ग्रामीण अंचलों के युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के अवसर मिलें और वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रह सकें।
ब्रांड एम्बेसडर के रूप में अब शाह हुसैन ‘खेलो मेवात’ को प्रोत्साहित करने का कार्य करेंगे। उपायुक्त ने कहा कि उनकी यह भूमिका युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने और सकारात्मक ऊर्जा में लगाने में मदद करेगी।
