25 वर्षीय महिला से जेठों ने दुष्कर्म किया, बच्ची को मारने की दी धमकी

ग्वालियर के डबरा क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 25 वर्षीय महिला ने अपने दो जेठों पर बार-बार दुष्कर्म करने और 10 माह की बेटी को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

पीड़िता का कहना है कि उसके पति की तबीयत लंबे समय से खराब रहती है और वह इलाज के लिए अक्सर जावरा (रतलाम) स्थित हुसैन टेकरी शरीफ जाते हैं, जहां उन्हें 15–20 दिन रुकना पड़ता है। पति की गैरमौजूदगी में जेठ घर में घुसकर शारीरिक शोषण करते थे। महिला का आरोप है कि आरोपी कहते थे — “ऐसा करने से तुम्हारा पति जल्दी ठीक हो जाएगा।”

पति ने भी नहीं दिया साथ

महिला के मुताबिक, जब उसने पति को आपबीती बताई तो उसने बात को झूठ मानते हुए उस पर हाथ उठाया। पति ने कहा कि “मैं ठीक हो रहा हूं तो तुम्हें क्या परेशानी है?” इसके बाद भी जेठों का उत्पीड़न जारी रहा।

धमकी देकर किया शोषण

पीड़िता ने बताया कि पहली बार जनवरी 2025 में देर रात उसका मंझला जेठ कमरे में घुस आया और दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने बच्ची की हत्या की धमकी दी। उसके बाद बड़ा जेठ भी कमरे में आया और उसने भी दुष्कर्म किया। पीड़िता के मुताबिक, दरवाजे पर कूलर लगा होने से दरवाजा बंद नहीं था, जिसका फायदा आरोपियों ने उठाया।

थाने में दर्ज हुआ केस

लगातार प्रताड़ना से तंग आकर महिला अपने मायके आ गई और परिजनों को सारी घटना बताई। पंचायत में मामला रखने के बावजूद ससुराल पक्ष का कोई सदस्य नहीं पहुंचा। इसके बाद महिला ने रविवार को ग्वालियर महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पूछताछ में उन्होंने आरोपों से इंकार किया है।

पीड़िता का निकाह 5 मई 2023 को डबरा के युवक से हुआ था। शुरूआती एक साल तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन पति की तबीयत बिगड़ने के बाद हालात बदलते चले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top