ग्वालियर के घाटीगांव थाना क्षेत्र के सिमरिया टांका गांव में रास्ते को लेकर पुराने विवाद ने सोमवार दोपहर खूनी झगड़े का रूप ले लिया।
इसी दौरान एक ही परिवार के चार लोगों ने कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला कर पड़ोसी को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, महेन्द्र कुशवाह और उनके पड़ोसियों के बीच खेत तक आने-जाने के रास्ते को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। सोमवार को महेन्द्र ने अपनी मोटरसाइकिल रास्ते में खड़ी कर दी, जिस पर पड़ोसी बंटी, छविराम, अनिल और धारा कुशवाह भड़क गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी घर से कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे लेकर आ गए और महेन्द्र पर हमला कर दिया।
हमले में महेन्द्र का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। बचाने आए उसके भाई पूरन और अन्य परिजनों पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। घायल महेन्द्र को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद चारों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने सभी के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।
