पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: 135 की रफ्तार में खड़े ट्रेलर से टकराई कार, 5 की मौत
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में शनिवार दोपहर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा कंधरापुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के 238वें माइलस्टोन के पास दोपहर करीब 3 बजे हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार की रफ्तार करीब 135 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, छत पिचक गई और अंदर बैठने की जगह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चियों की जान चली गई। मृतकों में बिहार के सिवान जिले के रहने वाले मनीष कुमार श्रीवास्तव (43), उनकी पत्नी कंचन देवी (40), बेटी आस्था कुमारी (16) और अदिति (11) की पहचान हुई है। वहीं एक अन्य युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस को मौके से मनीष श्रीवास्तव नाम की आईडी मिली, जिसमें हरियाणा के फरीदाबाद और बिहार के सिवान का पता दर्ज था।
सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार में फंसे शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूरी घटना में कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बचा, जिससे हादसे की सटीक परिस्थितियों का पता लगाना चुनौती बन गया है।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। क्षतिग्रस्त कार को हटाने के लिए बड़ी क्रेन बुलानी पड़ी। जिस ट्रेलर से कार टकराई, उस पर राजस्थान नंबर दर्ज बताया गया है। पुलिस अब ट्रेलर के खड़े होने की स्थिति, सुरक्षा संकेतों और हादसे के अन्य कारणों की जांच कर रही है।
एसपी ट्रैफिक पंकज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मृतकों के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
