गाजियाबाद में 27 लाख लूटकांड के दो इनामी बदमाश एनकाउंटर में ढेर, 9.10 लाख कैश बरामद

0
2-photo-11778606967_1778636522

गाजियाबाद में 27 लाख लूटकांड के दो इनामी बदमाश एनकाउंटर में ढेर, गाजियाबाद में कैश वैन से 27 लाख रुपए की लूट करने वाले दो इनामी बदमाशों को पुलिस ने मंगलवार रात मुठभेड़ में मार गिराया। मारे गए बदमाशों की पहचान समीर और जुबैर के रूप में हुई है। दोनों पर एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, जुबैर इस लूटकांड का मास्टरमाइंड था। मुठभेड़ वेव सिटी थाना क्षेत्र में हुई, जहां बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि वेव सिटी इलाके में कुछ बदमाश सक्रिय हैं और किसी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट कार दिखाई दी। पुलिस ने जब वाहन को रोकने का प्रयास किया, तो कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई गोलीबारी में एक सब इंस्पेक्टर और दो कॉन्स्टेबल गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान बदमाश कार छोड़कर पास के जंगल की ओर भागने लगे। करीब 20 मिनट तक चली मुठभेड़ में दोनों ओर से 15 से अधिक राउंड फायरिंग हुई, जिसमें समीर और जुबैर मारे गए। हालांकि, उनके दो अन्य साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने बताया कि मौके से लूट की रकम में से 9 लाख 10 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा दो पिस्टल, दो तमंचे और लूट में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है। मारे गए दोनों आरोपी गाजियाबाद के विजयनगर क्षेत्र के रहने वाले थे।

फिलहाल घायल पुलिसकर्मियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं, फरार बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

गौरतलब है कि 6 मई को छह बदमाशों ने एक कैश वैन के ड्राइवर को बंधक बनाकर 27 लाख रुपए लूट लिए थे। वारदात के बाद आरोपी वैन को मसूरी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर छोड़कर फरार हो गए थे। इस सनसनीखेज लूटकांड के बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *