पश्चिम बंगाल चुनाव: पहले चरण के मतदान के बीच बिहार सीमा पर हाई अलर्ट
पश्चिम बंगाल चुनाव, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान बुधवार को हो रहा है। मतदान को लेकर बिहार से सटी सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिलों में हाई अलर्ट जारी किया है।
सीमा से जुड़े जिलों में बढ़ी चौकसी
प्रशासन के अनुसार, इन जिलों में रहने वाले कई लोगों के नाम पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची में दर्ज हैं। रोजगार, व्यापार या पारिवारिक कारणों से बिहार में रह रहे ये लोग मतदान के लिए बंगाल जा सकते हैं। इसे देखते हुए सीमा पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
285 किलोमीटर सीमा सील
मतदान से 48 घंटे पहले ही करीब 285 किलोमीटर लंबी सीमा को सील कर दिया गया है। सीमांचल क्षेत्र में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
चेकपोस्ट पर सख्ती, संदिग्धों पर नजर
सीमा पर बने चेकपोस्टों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। प्रशासन फर्जी मतदान, अवैध नकदी और शराब की तस्करी, हथियारों की आवाजाही और बाहरी तत्वों की घुसपैठ को लेकर सतर्क है।
