सुल्तानपुर MP/MLA कोर्ट में आज राहुल गांधी की पेशी, मानहानि केस में दर्ज होगा बयान

सुल्तानपुर | रायबरेली से सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से जुड़े एक मानहानि मामले की सुनवाई आज सुल्तानपुर की MP/MLA कोर्ट में होगी। यह मामला कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर की गई कथित टिप्पणी से जुड़ा है। कोर्ट में आज CrPC की धारा 313 के तहत राहुल गांधी का बयान दर्ज किया जाना है।

राहुल गांधी सोमवार और मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली में रहेंगे, ऐसे में उनके सुल्तानपुर कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश होने की संभावना जताई जा रही है। संभावित पेशी को देखते हुए कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भी बड़ी संख्या में पहुंचने की उम्मीद है।

वादी विजय मिश्रा के अधिवक्ता संतोष पांडेय के अनुसार, पिछली सुनवाई में बचाव पक्ष की ओर से गवाह रामचंद्र दुबे की जिरह पूरी हो चुकी है। इसके बाद जज शुभम वर्मा ने 6 जनवरी को आदेश जारी करते हुए राहुल गांधी को 19 जनवरी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर बयान देने का निर्देश दिया था। इस मामले में इससे पहले राहुल गांधी 26 जुलाई 2024 को कोर्ट में पेश हुए थे।

गौरतलब है कि यह मामला वर्ष 2018 से विचाराधीन है। आरोप है कि कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने एक सार्वजनिक सभा में ऐसी टिप्पणी की थी, जिसे भाजपा नेता विजय मिश्रा ने अपमानजनक बताते हुए मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद 4 अगस्त 2018 को सुल्तानपुर कोर्ट में यह केस दाखिल किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top