ग्वालियर में प्रेमी की फायरिंग से सनसनी
सोमवार को घाटीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम घेंघोली में एक युवक ने शादीशुदा महिला के ससुराल में पहुंचकर हंगामा कर दिया। जब लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो उसने कट्टे से लगातार दो फायर कर दिए। जाते-जाते आरोपी ने धमकी भी दी कि अगर मामला आगे बढ़ा तो सभी का जीना मुश्किल कर देगा।
पुलिस के अनुसार महिला कुछ समय पहले घर से लापता हो गई थी। बरामदगी के बाद वन स्टॉप सेंटर में उसकी काउंसिलिंग कराई गई, जिसके बाद वह ससुराल जाने को तैयार हो गई। लेकिन यह फैसला उसके प्रेमी दिनेश गुर्जर को नागवार गुज़रा, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ फायरिंग और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है।
