राजगढ़ (माचलपुर) में इलाज के दौरान युवक की मौत, अस्पताल में हंगामा

माचलपुर (राजगढ़) में शनिवार को 24 वर्षीय अरविंद मालवीय की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर पायल पाटीदार पर लापरवाही का आरोप लगाया। आक्रोशित परिजनों ने डॉक्टर से मारपीट की और उनके कपड़े फाड़ दिए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

मृतक की मौत से कुछ घंटे पहले का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वह कह रहा है कि अस्पताल में दवा का स्टॉक खत्म हो गया है और उसने दवा बाहर से खरीदी।

परिजनों का आरोप है कि गलत दवा और इंजेक्शन दिए जाने से उसकी हालत बिगड़ी, जिसके बाद उसे रेफर किया गया। वहीं, डॉक्टर पायल पाटीदार का कहना है कि मरीज को प्राथमिक इलाज के बाद हालत बिगड़ने पर रेफर किया गया था।

घटना के विरोध में रविवार को माचलपुर के सभी मेडिकल स्टोर, निजी क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब बंद रहे, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं बाधित रहीं।

पुलिस ने महिला डॉक्टर से मारपीट करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top