ग्वालियर में अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई, गिरवाई क्षेत्र में सात कॉलोनियां ध्वस्त

fn news channel

ग्वालियर, 16 अक्टूबर।
जिले में अनधिकृत रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर गुरुवार को गिरवाई क्षेत्र में सात अवैध कॉलोनियों पर संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़कों, सीवर लाइन और विद्युत पोल सहित अन्य निर्माणों को ध्वस्त कराया।

कार्रवाई का नेतृत्व क्षेत्रीय तहसीलदार श्री दिनेश चौरसिया ने किया। उनके साथ नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस की टीम मौजूद रही। टीम ने मशीनों की मदद से उन निर्माण कार्यों को नष्ट किया जो बिना स्वीकृति के किए जा रहे थे।

तहसीलदार चौरसिया ने बताया कि गिरवाई क्षेत्र में सर्वे क्रमांक 911, 951, 1054, 1055, 1377, 1471, 1472 और 1473 में कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध कॉलोनियों का विकास किया जा रहा था। इन सभी मामलों में नगर निगम द्वारा पहले ही विधिवत नोटिस जारी किए गए थे, परंतु संबंधित व्यक्तियों ने नोटिस की अनदेखी करते हुए निर्माण जारी रखा।

इसकी जानकारी मिलते ही प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। अवैध निर्माण हटाने के साथ-साथ इन कॉलोनियों को विकसित करने में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है।

कलेक्टर श्रीमती चौहान ने कहा है कि जिले में अवैध प्लॉटिंग या कॉलोनी निर्माण की कोई भी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की कार्रवाई आगे भी इसी तरह निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top